ये रहे नतीजे : गतका में भी पंजाब ने स्वर्ण जीता

भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेलों का समापन पंजाब के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। जूडो, ताइक्वांडो और गतका तीनों खेलों में पंजाब ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए ओवरऑल ट्रॉफी जीत ली। अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबलों के बाद पंजाब का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा। खेलों के अंतिम दिन फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसके बाद प्रतियोगिता यादगार पलों के साथ संपन्न हुई। समापन अवसर पर सरकारी स्मार्ट स्कूल पीएयू लुधियाना में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पंजाब की सांस्कृतिक झलक का आनंद उठाया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण समारोह 11 जनवरी को दोपहर 12 बजे पीएयू ओपन एयर थिएटर में आयोजित किया जाएगा, जहां पंजाब की शिक्षा सचिव आनंदिता मित्रा खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगी। जूडो मुकाबलों में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग 23 किलो में पंजाब की रिधिमा ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं, ताइक्वांडो में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग 24 किलो में पंजाब की मनदीप कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। गतका प्रतियोगिताओं में भी पंजाब का दबदबा साफ नजर आया। 19 वर्ष से कम आयु वर्ग टीम (फड़ी सोटी) मुकाबले में पंजाब की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा टीम सिंगल सोटी में भी पंजाब ने पहला स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत मुकाबलों में भी पंजाब के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। जूडो 14 वर्ष से कम आयु वर्ग 25 किलो लड़कों के मुकाबले में राजस्थान के अभिषेक सैनी ने स्वर्ण, पंजाब के आदित्य ने रजत पदक जीता। वहीं ताइक्वांडो 26 किलो भार वर्ग में हरियाणा की हर्षिता ने स्वर्ण, जबकि पंजाब की उपासना ने कांस्य पदक हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी: जिला शिक्षा अधिकारी डिंपल मदान और जिला खेल समन्वयक कुलवीर सिंह सलौदी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों ने न केवल पदक जीते हैं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और खेल भावना का भी उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।उन्होंने कहा कि यह सफलता आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा बनेगी। राष्ट्रीय स्कूल खेलों का यह आयोजन पंजाब के लिए गौरव का क्षण बन गया, जहां राज्य के खिलाड़ियों ने ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *