गुरु साहिबानों पर टिप्पणी का विरोध: लाहोरी गेट पर भाजपा ने फूंका आतिशी का पुतला

भास्कर न्यूज | अमृतसर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी द्वारा सिख गुरुओं को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में पंजाब में भाजपा वर्करों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ के लाहोरी गेट स्थित कार्यालय के बाहर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी का पुतला फूंका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए आम आदमी पार्टी और उसके नेतृत्व पर सिख भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा जिला उपाध्यक्ष सरबजीत सिंह शंटी ने कहा कि सिख मर्यादा और सिख गुरुओं का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में आतिशी द्वारा दिया गया बयान पूरे सिख समाज का अपमान है। उन्होंने दो टूक कहा कि सभी दस सिख गुरुओं का सम्मान भारत की आत्मा का सम्मान है और इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता। शंटी ने आरोप लगाया कि आतिशी की टिप्पणी से आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं की सिख गुरुओं के प्रति नीच और अपमानजनक सोच उजागर होती है। उन्होंने मांग की कि आम आदमी पार्टी इस बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और ऐसे नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सिख समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ जारी रहा तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी। इस मौके पर पंजाब भाजपा की प्रवक्ता डॉ. सुरिंदर कवल ने कहा कि सिख गुरु साहिबानों ने देश को त्याग, सेवा और मानवता का मार्ग दिखाया है। उनके खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी न केवल सिख समाज बल्कि पूरे देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिखों के सम्मान और मर्यादा की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रदर्शन में पार्षद कीर्ति अरोड़ा, पार्षद श्रुति विज, भाजपा नेत्री एवं इंडियन ऑयल की डायरेक्टर रीना जेटली, पूर्व पार्षद नरेश काका, लविंदर बंटी, हेमंत पिंकी, राजेश मेहता, विशाल शूर, संजीव अरोड़ा, तरुण अरोड़ा, बलकार सिंह सोहल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक सिख समाज से माफी नहीं मांगी जाती, तब तक आम आदमी पार्टी के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *