भास्कर न्यूज| धालभूमगढ़ झारखंड के फंड से पश्चिम बंगाल में पुल निर्माण कराए जाने के आरोप को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में आरटीआई कार्यकर्ता सिरमा देवगम ने मुख्यमंत्री, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव और जिला उपायुक्त को ट्वीट कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस योजना के तहत झारखंड में पुल का निर्माण होना था, उसी योजना की राशि से पश्चिम बंगाल में पुल का निर्माण कराया जा रहा है। आरटीआई कार्यकर्ता का कहना है कि यह मामला न केवल सरकारी राशि के दुरुपयोग का है, बल्कि इससे झारखंड के हितों के साथ भी सीधा खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। सिरमा देवगम ने स्पष्ट किया है कि यदि मामले में पारदर्शिता नहीं बरती गई, तो वे आगे भी इस मुद्दे को उठाते रहेंगे। फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और अब लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। सिरमा देवगम के अनुसार, संबंधित पुल का निर्माण 2 करोड़ 30 लाख 96 हजार 991 रुपये की लागत से कराया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि जब तक पूरे मामले की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इससे जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। आरटीआई कार्यकर्ता ने ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री और जिला उपायुक्त का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकृष्ट किया है।


