लोहरदगा|लोहरदगा, भंडरा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मसमानो में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पंचायत स्तर पर किया गया, जिसमें भंडरा प्रखंड की प्रभारी कार्यक्रम पदाधिकारी वीणा कुमारी ने बतौर मुख्य वक्ता छात्रों का मार्गदर्शन किया। कॅरियर काउंसिलिंग सत्र में कक्षा 9, 10, 11, 12 के अलावा स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, विषय चयन, उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा रोजगार से जुड़ी संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। भंडरा प्रखंड की प्रभारी कल्याण पदाधिकारी वीणा कुमारी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में सही जानकारी व मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं। ऐसे में कैरियर काउंसिलिंग जैसे कार्यक्रम छात्रों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुसार करियर का चयन करने की सलाह दी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास पर विशेष जोर दिया। छात्रों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने व लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने करियर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका समाधान वीणा कुमारी द्वारा सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम के अंत में पंचायत प्रतिनिधियों ने ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की मांग की।


