भाजपा सरकार पर साधा निशाना, आज शहीद स्मारक पर उपवास आंदोलन का ऐलान

भास्कर संवाददाता|दौसा ग्रामीण रोजगार की रीढ़ मानी जाने वाली मनरेगा योजना को कमजोर किए जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को दौसा में भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यालय खान भांकरी रोड पर आयोजित मनरेगा बचाओ प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनविरोधी नीतियों के चलते ग्रामीण मजदूरों को उनके हक के रोजगार और समय पर मजदूरी से वंचित किया जा रहा है। इस दौरान प्रभारी एवं सादुलशहर के पूर्व विधायक जगदीश जांगिड़ ने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को बजट कटौती, काम के दिनों में कमी और मजदूरी भुगतान में देरी के जरिए धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश रची जा रही है। इसका सीधा असर गांवों में रहने वाले गरीब, मजदूर और किसान परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मनरेगा को बचाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मजदूरों को उनका अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। इस दौरान कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओड तथा प्रभारी बेनी प्रसाद कटारिया, नगर अध्यक्ष घनश्याम शर्मा भांडारेज, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज अवाना आदि मौजूद थे। पंचायत चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा : सांसद सांसद मीणा ने कहा कि भाजपा लोगों में नाम को लेकर भ्रम पैदा कर रही है। रोजगार गारंटी कानून को बदल कर इसका नाम भी बदल दिया है, जिससे लोगों को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बार बार चुनाव टालने में लगी है, लेकिन अब उन्हें चुनाव कराना होगा। आने वाले चुनाव में ग्रामीण क्षेत्र में जनता भाजपा का सूपड़ा साफ कर अपनी ताकत दिखा देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां गरीब और मजदूर विरोधी हैं। मनरेगा को कमजोर करना ग्रामीण भारत की कमर तोड़ने जैसा है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। मजदूर कर्ज और भूख के कगार पर: ममता भूपेश एससी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान में महीनों की देरी हो रही है, जिससे मजदूर कर्ज और भूख के कगार पर पहुंच रहे हैं। यह स्थिति सीधे तौर पर मजदूर विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मनरेगा को लेकर कांग्रेस का आंदोलन और तेज होगा और भाजपा सरकार को इसका जवाब देना पड़ेगा। पदाधिकारी व कार्यकर्ता आज रखेंगे उपवास मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत बड़े आंदोलन का ऐलान भी किया गया। जिलाध्यक्ष रामलीला ओढ़ ने बताया कि 11 जनवरी को दोपहर 12 से 3 बजे तक जिला मुख्यालय पर शहीद स्मारक दौसा पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विचारधारा पर चलते हुए कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपवास रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस उपवास आंदोलन में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, चेयरमैन, एनएसयूआई अध्यक्ष, महिला कांग्रेस सहित सभी अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *