रांची विश्वविद्यालय : एप्लीकेशन कमेटी की बैठक में हुआ फैसला, सिमडेगा में पहली बार शुरू हो रही साइंस की पढ़ाई

एजुकेशन रिपोर्टर|रांची रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार को उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गोस्सनर कॉलेज, रांची को स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर की पढ़ाई के लिए एक्सटेंशन प्रदान किया है। वहीं संत जेवियर्स कॉलेज, सिमडेगा को स्नातक विज्ञान के विभिन्न विषयों की पढ़ाई शुरू करने के प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। दोनों कॉलेजों के प्रस्ताव को शर्त के साथ अनुमति प्रदान की गई है। यह फैसला शनिवार को विश्वविद्यालय मुख्यालय में आयोजित एप्लीकेशन कमेटी की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी कुलपति प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने की। इसमें दोनों कॉलेजों की निरीक्षण (इंस्पेक्शन) रिपोर्ट को रखा गया। रिपोर्ट में दोनों संस्थानों के इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और फैकल्टी की स्थिति का आकलन किया गया, जिसके आधार पर यह सहमति बनी। बैठक में वीसी और प्रभारी रजिस्ट्रार डॉ गुरुचरण साहू वर्चुअल मोड में शामिल हुए। वहीं डीएसडब्ल्यू डॉ सुदेश कुमार साहू, साइंस डीन डॉ वंदना कुमारी, सोशल साइंस डीन डॉ परवेज हसन, कॉमर्स डीन डॉ अमर कुमार चौधरी, एचओडी डॉ जीतेंद्र शुक्ल, डीआर डॉ विप्लव कुमार समेत अन्य मौजूद थे। इंस्पेक्शन रिपोर्ट में बताया गया है कि गोस्सनर कॉलेज, रांची और संत जेवियर्स कॉलेज, सिमडेगा दोनों का आधारभूत ढांचा मजबूत है और वे नए पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए तैयार हैं। संत जेवियर्स कॉलेज, सिमडेगा में स्नातक स्तर पर साइंस विषयों की पढ़ाई पहली बार शुरू की जा रही है। इसके लिए नई प्रयोगशालाओं का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसमें आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। साइंस फैकल्टी की नियुक्ति के लिए वेकेंसी जारी कर दी गई है। कमेटी ने दोनों कॉलेजों को निर्देश दिया कि सभी विषयों की सिलेबस के अनुसार पुस्तकें लाइब्रेरी में उपलब्ध हों। प्रयोगशालाओं को समय-समय पर अपडेट किया जाए। फैकल्टी की नियुक्ति प्रक्रिया समय सीमा में पूरी की जाए। बताते चलें कि गोस्सनर कॉलेज में पिछले सात साल से पीजी विषयों की पढ़ाई हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *