भास्कर न्यूज |जशपुरनगर पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरन तालाब के पास शनिवार को युवक का अधजली अवस्था में शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव खेत में रखे पैरावट के पास पाया गया। पास ही कीटनाशक दवा की बोतल भी मिली है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान बिलाईटांगर निवासी शमशुल हक खान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शमशुल हक स्थानीय बाजारों में घूम-घूमकर प्लास्टिक का सामान बेचता था। शनिवार को उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में पूरन तालाब के पास मिला, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है। घटनास्थल के हालातों को देखते हुए आशंका है कि युवक ने पहले कीटनाशक का सेवन किया और उसके बाद खुद को आग के हवाले कर दिया। शव काफी हद तक जल चुका था। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पत्थलगांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है। घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


