भास्कर न्यूज | जेवरतला रोड शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टटेंगा में स्वामी विवेकानंद यूथ एंड इको क्लब के माध्यम से विद्यालय परिसर में पोषण वाटिका का निर्माण किया गया है। इस वाटिका में पालक, लाल भाजी, मेथी भाजी, गोभी, मिर्ची एवं धनिया जैसी पोषक साग-सब्जियां लगाई गई हैं। पोषण वाटिका तैयार करने के पीछे मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पोषक तत्वों से युक्त साग-सब्जी एवं फलों के सेवन को बढ़ावा देना है, जिससे उनके शरीर में आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति हो सके। शासन की यह परिकल्पना जागरूकता एवं शिक्षा के माध्यम से बच्चों में एनीमिया जैसी समस्या को दूर करने का प्रयास है। प्राचार्य आरके देवांगन ने पोषण वाटिका के निर्माण में योगदान देने वाले सभी विद्यार्थियों एवं प्रभारी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि यह लोगों को प्रभावित एवं जागरूक करने का एक अच्छा माध्यम है। इससे विद्यार्थियों को कम खर्च में पोषक तत्वयुक्त फल एवं सब्जियां आसानी से प्राप्त हो सकेंगी। यूथ एंड इको क्लब प्रभारी अजय पाठक ने बताया कि यह वाटिका पूरी तरह जैविक खेती प्रणाली पर आधारित है, जिसमें किसी भी प्रकार की रासायनिक खाद या कीटनाशक का उपयोग नहीं किया गया है। समाज को भी लाभ मिलेगा व्याख्याता हेपशीबा एंथोनी ने कहा कि इस प्रकार की पोषण वाटिका से लोग लघु स्तर पर स्वरोजगार प्रारंभ कर वर्षभर साग, सब्जी एवं फलों का उत्पादन कर सकते हैं, जिससे समाज को भी लाभ पहुंचेगा। बागवानी ताज़े, पौष्टिक भोजन, बेहतर पोषण, आय, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के खिलाफ लचीलापन और मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है, जो फायदेमंद है। इस अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता चंद्रमणि वासनिक, टीएल देवांगन, रेशमी साहू, चंद्रा देबनाथ, पवन सिन्हा, हर्षा देवांगन, भागवत साहू, वेद प्रकाश साहू, महेश रावटे, रवि देवांगन, बिंदु पटेल, बिंदु साहू, सी.पी. सोनबोईर, अनुराधा खरे, सुरेंद्र नेताम, कुंदन यादव सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


