सिवनी में दो साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार:कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा; एसपी के निर्देश पर अभियान जारी

सिवनी पुलिस ने सक्रिय अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रखी है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस ने मारपीट के एक मामले में पिछले दो साल से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को शनिवार रात में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिवनी शहर के कुम्हारी मोहल्ला, अंबेडकर वार्ड में की गई। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी ने बताया कि एसपी सुनील मेहता के निर्देश पर जिले में अपराधों की रोकथाम और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रृद्धा सोनकर के मार्गदर्शन में स्थायी वारंटियों की लगातार तलाश की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर टीम ने दबिश देकर पकड़ा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बलराम सनोडिया (29) पिता बालचंद सनोडिया, निवासी कुम्हारी मोहल्ला, अंबेडकर वार्ड, सिवनी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मारपीट के एक प्रकरण में न्यायालय की ओर से स्थायी वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्थायी वारंटी बलराम सनोडिया रात्रि के समय शहर में मौजूद है। सूचना मिलते ही तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रहेगा इस कार्रवाई में निरीक्षक सतीश तिवारी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मनोज पाल, महिला आरक्षक निशा दोनावट, सैनिक मोहम्मद वकील और रविन्द्र तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को विधिवत अभिरक्षा में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। फरार अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *