विदिशा में शनिवार रात तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। शहर के हाईवे पर स्थित हर्ष विहार कॉलोनी के पास तेंदुआ देखा गया, जो कनक गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। रिहायशी इलाके में तेंदुए की खबर से लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रात 3 बजे तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तेंदुआ हाथ नहीं आया। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने और रात में अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। बाउंड्री वॉल फांदकर भागा, वीडियो आए सामने स्थानीय लोगों ने बताया कि तेंदुआ हाईवे से सटी कॉलोनी में आ गया था और वहां से कनक गार्डन में घुस गया। यहां उसकी हलचल सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है, जिसके वीडियो भी सामने आए हैं। रहवासियों द्वारा शोर मचाने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पुलिस और वन विभाग की टीम ने रात भर हाईवे और उसके आसपास के इलाकों में गश्त की। पुलिस का मानना है कि तेंदुआ रास्ता भटककर शहर की सीमा में आ गया होगा और बाद में बाउंड्री वॉल फांदकर भाग गया। शुक्रवार को गुलाबगंज में दिखा था, किसानों की नींद उड़ी तेंदुए की यह पहली घटना नहीं है; इससे पहले शुक्रवार रात को गुलाबगंज के ग्रामीण क्षेत्र में भी तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि हुई थी। वर्तमान में रबी फसलों का सीजन चल रहा है, जिसके चलते किसानों को रात में खेतों में रुकना पड़ रहा है। लगातार दो दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की खबरों ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। उन्होंने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। मवेशी का शिकार होने पर जान जोखिम में न डालें वन विभाग ने ग्रामीणों और शहरवासियों को सतर्क कर दिया है। विभाग का कहना है कि जिले में छोटे-छोटे जंगल और हरित क्षेत्र होने के कारण तेंदुआ एक स्थान से दूसरे स्थान पर आ-जा सकता है। विभाग ने अपील की है कि यदि तेंदुआ किसी मवेशी का शिकार करता है, तो लोग उसे बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। मवेशी के नुकसान की स्थिति में शासन द्वारा मुआवजा देने का प्रावधान है।


