अलवर जिले में पिछले दो दिनों से सर्दी से राहत देखने को मिल रही है। शनिवार सुबह जहां सूरज निकला, वहीं बर्फीली हवाओं का असर बना रहा। हालांकि रविवार सुबह सूरज पूरी तरह खिलने से मौसम एकदम साफ हो गया और दूर से अरावली पर्वत श्रृंखला भी स्पष्ट दिखाई दी। रविवार को जिले में हल्की शीत लहर जरूर रही, लेकिन बर्फीली हवाओं का असर काफी कम हो गया, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को करीब 8 डिग्री और रविवार को बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह दो दिनों में तापमान में करीब 4 डिग्री की वृद्धि हुई है। मौसम में इस सुधार से फसलों पर रौनक लौट आई है। तापमान जमाव बिंदु तक नहीं पहुंचने के कारण सरसों सहित अन्य रबी फसलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। यह मौसम किसानों के लिए बेहद लाभकारी माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक सर्दी का असर बना रहेगा, लेकिन फिलहाल जिले में मौसम पूरी तरह साफ है। न तो बादल छाए हैं और न ही कोहरे का असर है, जिससे दिन के तापमान में अच्छी बढ़ोतरी हुई है।


