जबलपुर में हॉस्पिटल-मॉल के बाहर अवैध पार्किंग की वसूली:बिना अनुमति टिकट काटने का आरोप, सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से भी वसूली हो रही

जबलपुर के व्यस्त इलाकों में स्थित अस्पतालों और मॉल के बाहर सड़क किनारे खड़े वाहनों से अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है। सिविक सेंटर स्थित समदड़िया मॉल, रानीताल क्षेत्र के नायक हॉस्पिटल और नेपियर टाउन स्थित बेस्ट केयर हॉस्पिटल के बाहर खुलेआम वाहन चालकों से पर्ची काटकर शुल्क लिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे पार्किंग पर शुल्क वसूलने की कोई वैध अनुमति नहीं है। इसके बावजूद निजी लोग मनमाने तरीके से वाहन चालकों से पैसे वसूल रहे हैं। इस अवैध वसूली के कारण शासन को प्रतिमाह लगभग 4 से 5 लाख रुपए के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान है। मरीज बोले- पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं मरीजों के परिजन ऋषि सेन ने बताया कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है और रोड किनारे खड़ी गाड़ियों से ही पार्किंग शुल्क वसूला जाता है। मॉल में आने वाले ग्राहक आशीष का कहना है कि वाहन मॉल की पार्किंग में खड़े करवाने पर शुल्क लिया जाना चाहिए, न कि रोड किनारे की सरकारी संपत्ति पर। ग्राहकों को मजबूरी में यह शुल्क देना पड़ता है। यहां न तो नगर निगम द्वारा अधिकृत पार्किंग की व्यवस्था है और न ही पूरी तरह वैध रसीद दी जा रही है। कई बार वाहन चालकों और शुल्क वसूलने वालों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है, लेकिन लोग मजबूरी में पैसा देकर आगे बढ़ जाते हैं। सहायक आयुक्त बोले- कार्रवाई करेंगे इस पूरे मामले पर जब नगर निगम के सहायक आयुक्त अरविंद शाह ने कहा कि उन्हें अवैध पार्किंग वसूली की जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *