ब्यावर में नकली घी बनाने का भंडाफोड़:मकान में दबिश देकर 1 युवक को दबोचा, 10 किलो माल जब्त

ब्यावर में साकेत नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली देसी घी बनाने के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जालिया रोड स्थित एक मकान पर दबिश देकर मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया और 10 किलो नकली घी बरामद किया।
थानाधिकारी जितेंद्र फौजदार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जानकारी जुटाई थी। इसके बाद टीम ने उस मकान पर छापा मारा, जहां अवैध रूप से नकली घी तैयार किया जा रहा था। मौके से जितेंद्र जांगिड़ नामक युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी सरस कंपनी के नाम के रेपरों का इस्तेमाल कर एक-एक किलो की थैलियों में नकली घी पैक कर रहा था। नकली घी में देशी घी जैसी सुगंध देने के लिए उपयोग किया जाने वाला नकली एसेंस भी बरामद किया गया। सूचना मिलते ही खाद्य निरीक्षक नारायणसिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल घी के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा। प्रारंभिक जांच में यह मामला खाद्य सुरक्षा कानूनों का गंभीर उल्लंघन प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने आरोपी जितेंद्र जांगिड़ के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। खाद्य विभाग की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में और भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *