अलवर जिले में दिन में सर्दी का असर कम हो गया है। सुबह- शाम ठंड है। इस बार न्यूनतम तापमान शून्य नहीं पहुंचा, जिसके कारण फसलों में नुकसान नहीं है। इसके अलावा दो-तीन बार मावठ भी हो चुकी है। आज सुबह भी धूप निकलने से सर्दी से राहत है। लगातार तीन दिनों से ऐसा ही मौसम है। दिन के समय तो ऐसा लगने लगा है कि अब सर्दी चली गई लेकिन आगामी दिनों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद कुछ दिन सर्दी का असर बढ़ सकता है। वैसे गुरुवार सुबह हल्की हवा चलने से थोड़ी कंपकंपी वाली सर्दी है लेकिन सूर्य देव भी आ गए। अब जिले में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस के आस-पास आ गया है। इस बार जनवरी के महीने में दो-तीन बार मावठ हो चुकी है। उन दिनों में सर्दी चरम पर रही। लेकिन बाद में धूप आने से सर्दी कम होती गई। यह जनवरी का आखिरी सप्ताह है। इस बीच में सर्दी एक बार जोर पकड़ सकती है।