उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने राजस्थान में सर्दी की मार और तेज कर दी है। उदयपुर समेत मेवाड़ अंचल में तापमान तेजी से गिरा है, जिससे आमजन ठिठुरने को मजबूर हैं। डबोक एयरपोर्ट से कोहरे के चलते 7 फ्लाइट्स भी कैंसिल हुई है। शहर में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री और अधिकतम 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गोगुंदा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पारा 1 डिग्री के करीब पहुंच गया। हालांकि पिछले दो दिनों की तुलना में रविवार को कोहरे की तीव्रता थोड़ी कम रही। कोहरे से हवाई सेवाएं प्रभावित घने कोहरे के चलते उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट से रविवार को 7 उड़ानें कैंसिल हुई। इनमें जयपुर, दिल्ली और मुंबई के लिए जाने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं। खासकर जयपुर और दिल्ली में घने कोहरे के कारण उड़ानों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा। इंडिगो एयरलाइंस ने पहले ही ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को कोहरे के कारण देरी और शेड्यूल में बदलाव की संभावना से आगाह कर दिया था। हाईवे पर कम विजिबिलिटी, वाहन चालकों की मुश्किल सुबह 8 बजे तक हाईवे पर विजिबिलिटी काफी कम रही, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर धुंध के कारण रफ्तार धीमी रखनी पड़ी। सुबह-शाम चल रही ठंडी हवाओं से गलन और बढ़ गई है। गलन से जनजीवन प्रभावित कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग घरों में भी अलाव का सहारा लेते नजर आए। सुबह के समय सर्दी के कारण आमजन घरों से निकलने से बचते दिखे। मार्निंग वॉक करने वालों की संख्या में भी भारी गिरावट आई है। पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। मकर संक्रांति तक कोल्ड-डे की आशंका मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान में मकर संक्रांति तक ‘कोल्ड-डे’ की स्थिति बनी रह सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को खासकर सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


