दतिया के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भडोर में रविवार सुबह एक 44 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका सावित्री पत्नी कमल सिंह कुशवाहा ने घर के कच्चे कमरे में म्यार से लटककर अपनी जान दे दी। पति ने गांव के ही दो भाइयों पर केस वापस लेने का दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतिका के पति कमल सिंह परिहार ने गांव के ही चंद्रप्रकाश परिहार और उसके भाई हल्के परिहार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शनिवार रात दोनों भाइयों ने घर आकर गाली-गलौज की थी। इस अपमान से पत्नी मानसिक रूप से आहत थी और उसने यह कदम उठा लिया। घटना का पता रविवार सुबह करीब 4 बजे चला, जब परिजनों की नींद खुली। बुजुर्ग पिता से मारपीट की थी, शिकायत वापस लेने का था दबाव कमल सिंह ने बताया कि 5 दिसंबर 2025 को आरोपी चंद्रप्रकाश और हल्के परिहार ने उनके 70 वर्षीय पिता के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत उन्होंने इंदरगढ़ थाने में दर्ज कराई थी। आरोप है कि आरोपी उसी शिकायत को वापस लेने का दबाव बना रहे थे और लगातार परेशान कर रहे थे। इस बीच 31 दिसंबर को पिता का निधन हो गया था। 12 जनवरी को उनकी त्रयोदशी (तेरहवीं) का कार्यक्रम होना है, उससे ठीक पहले यह घटना हो गई। पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों और परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


