सतना में पुलिस पर पथराव करने वालों का जुलूस निकाला:कार सवार से की थी अड़ीबाजी, रोकने गई टीम पर हमला; 4 गिरफ्तार, 7 फरार

सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र की नई बस्ती में कार सवार से अड़ीबाजी और बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का उसी इलाके में जुलूस निकाला, जहां उन्होंने उत्पात मचाया था। मामले में 7 अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास और अड़ीबाजी का केस दर्ज किया है। घटना शुक्रवार रात की है। नई बस्ती में पानी की टंकी के पास से गुजर रहे एक कार सवार युवक को वहां मौजूद कुछ नशेड़ी युवकों ने रोक लिया। बदमाशों ने कार पर पथराव करते हुए युवक से पैसे मांगे। जब युवक ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और गाड़ी में तोड़फोड़ की। पीड़ित ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो उन पर भी बरसाए पत्थर सूचना मिलते ही एएसआई उमेश पांडेय एक आरक्षक के साथ बाइक से मौके पर पहुंचे। लेकिन हमलावर पीछे हटने के बजाय पुलिसकर्मियों से ही उलझ गए। एएसआई ने थाने से अतिरिक्त बल बुलाया, जिसके बाद तीन और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बावजूद, बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके कारण पुलिस को पीछे हटना पड़ा। हत्या के प्रयास का केस दर्ज, सर्च ऑपरेशन में पकड़ाए घटना के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए। कार सवार की शिकायत पर अड़ीबाजी और एएसआई उमेश पांडेय की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया। टीआई सुदीप सोनी ने नई बस्ती में सर्च ऑपरेशन चलाया और 4 आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पवन कुशवाहा (18), हरिकृष्ण यादव (25), प्रशांत सिंह (20) सभी निवासी हनुमान नगर और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस बाकी 7 फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *