कृषि कानूनों की तरह मनेरगा बचाने को लेकर होगा संघर्ष:सीकर में कांग्रेस का 5 घंटे का उपवास,कल से ग्राम पंचायतों और वार्डों में जाएंगे कार्यकर्ता

मनरेगा कानून बचाने को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाओ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत आज सीकर में कांग्रेस पार्टी के नेता और पदाधिकारी 5 घंटे के लिए उपवास कर रहे हैं। उन्होंने सीकर के अंबेडकर पार्क में उपवास सुबह 11 बजे से शुरू किया जो शाम 4 बजे तक चलेगा। अब कल से मनरेगा की कमियां बताने को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता हर ग्राम पंचायत और वार्ड में जाकर जन जागरण अभियान चलाएंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने कृषि कानूनों के लिए संघर्ष किया था उसी तरह अब मनरेगा के लिए संघर्ष होगा। सीकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने मनरेगा का स्वरूप बदल दिया है। मनरेगा के जरिए गांव के मजदूर को खुद के परिवार का पेट पालने के लिए रोजगार का साधन मिल जाता था। अब केंद्र सरकार ने उसे छीनने का काम किया है। ऐसे में कांग्रेस ने मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआत की है जो 45 दिनों तक चलेगा। आज सीकर के अंबेडकर पार्क में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और सीकर जिले के प्रभारी विशाल जांगिड़ ने 11 बजे से शाम 4 बजे तक का उपवास किया है। कल से 29 जनवरी तक जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड में पार्टी के कार्यकर्ता जाएंगे और मनरेगा बचाने को लेकर जन जागरण अभियान चलाएंगे। लोगों को नए कानून की कमियां बताई जाएगी। मनरेगा कानून जो आज के 20 साल पहले बना उससे गरीब के घर में भी रोटियां बनती थी। खासकर महिलाओं को भी इसमें रोजगार मिला और वह खुद के स्तर पर सक्षम हो गई। लेकिन अब नए कानून में रोजगार की गारंटी को खत्म कर दिया गया है। नए कानून में केंद्र सरकार ही काम तय करेगी और फिर वही काम ग्राम पंचायत में होंगे। राज्य सरकार को 40% मजदूरी देनी पड़ेगी। यदि कोई सरकार सक्षम नहीं है तो उसके राज्य में विकास के काम रुक जाएंगे। जिस तरह से हमने कृषि के तीन काले कानून का विरोध किया था उसी तरह लगातार कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाने को लेकर संघर्ष करेगी। आखिरकार सरकार को नया कानून वापस लेना पड़ेगा। चाहे कितना भी समय लग जाए लेकिन कांग्रेस पार्टी अपना संघर्ष खत्म नहीं करेगी। आज उपवास कार्यक्रम के दौरान सीकर विधायक राजेंद्र पारीक, निवर्तमान सभापति जीवण खां,राजेश सैनी,ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष नरेश सैनी,कांग्रेस प्रवक्ता गोविंद पटेल,तनसुख ओला सहित कई कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *