ट्रैक्टर निकालने पर विवाद, लाइसेंसी बंदूक और कट्टे से फायरिंग:मुरैना के आमपुरा में दहशत, हिस्ट्रीशीटर की तलाश में जुटी पुलिस

मुरैना के कोतवाली थाना क्षेत्र के आमपुरा इलाके में शनिवार देर शाम ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक और कट्टे से फायरिंग कर दी। फायरिंग की यह पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई, जो अब सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। आमपुरा माता वाली गली निवासी प्रमोद गुर्जर शनिवार शाम करीब 5 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घर जा रहा था। रास्ते में खड़े पड़ोसी कपिल तोमर ने ट्रैक्टर निकालने से रोक दिया। जब प्रमोद ने रास्ता छोड़ने को कहा तो कपिल तोमर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद फायरिंग, इलाके में अफरा-तफरी विवाद के दौरान कपिल तोमर के साथी लाइसेंसी बंदूक और कट्टा लेकर मौके पर आ गए और फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए। प्रमोद गुर्जर का रास्ता रोकने वाला कपिल तोमर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर रह चुका है। घटना के बाद पुलिस ने रात में कुछ लोगों को राउंडअप किया है। टीआई बोले—कानून तोड़ने वालों को नहीं बख्शेंगे सिटी कोतवाली थाना प्रभारी टीआई अमित भदौरिया ने बताया कि आमपुरा इलाके में ट्रैक्टर को रास्ता देने को लेकर विवाद हुआ था। दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोगों को रात में राउंडअप किया गया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *