ग्वालियर में कर्मचारी को दो वाहनों ने रौंदा, मौत:बाइक की टक्कर से उठा तो कार ने मार दी टक्कर

ग्वालियर-मुरैना हाइवे पर नगर पालिका कर्मचारी को दो अलग-अलग वाहनों ने टक्कर मार दी, जिसमें कर्मचारी की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। मृतक चाय पीने जा रहा था। कोहरे में पहले एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह हाईवे पर गिरा और लड़खड़ाते हुए उठा ही था कि एक तेज रफ्तार उसे रौंदते हुए निकल गई।
हादसे के समय मृतक का भतीजा पास ही खड़ा था। तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर वह उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया। घटना रविवार रात पुरानी छावनी एसबीएम हॉस्पिटल के सामने की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही टक्कर मारने वाले वाहनों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल एक भी CCTV फुटेज घटना से जुड़ा नहीं मिला है। मुरैना बानमोर वार्ड-13 दुर्गा कॉलोनी हड्‌डी मील इलाके में रहने वाले 41 वर्षीय रामकिशन सिंह बाल्मीक बानमोर नगर पालिका में बतौर कर्मचारी पदस्थ थे। दो दिन पहले रामकिशन की भाभी शीलादेवी को ग्वालियर के पुरानी छावनी में हाईवे स्थित एसबीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनको देखने के लिए बीते रोज रामकिशन अपने भतीजे रोहित के साथ भाभी को देखने के लिए हॉस्पिटल आए थे। रात 10 बजे के लगभग रोहित से रामकिशन ने कहा चलो चाय पीकर आते हैं।
दोनों हाईवे पर दूसरी ओर ढाबा पर चाय पीने के लिए जा रहे थे। रामकिशन चंद कदम आगे जा रहा था। अभी वह आधे रास्ते पर पहुंचा ही था कि मुरैना की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगते ही वह रामकिशन घायल होकर सड़क पर गिरा। अभी वह लड़खड़ा कर खड़ा ही हुआ था और भतीजा उसकी मदद के लिए पहुंचता तभी एक तेज रफ्तार कर उसे रौंदकर निकल गई।
अस्पताल में नब्ज टटोलते ही किया मृत घोषित
हादसे के बाद कार लेकर चालक भाग गया। घायल को उसके भतीजे ने तत्काल सड़क से उठाया और एम्बुलेंस की मदद से जेएएच के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने रामकिशन की नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे रोहित का कहना है कि जब वह एम्बुलेंस का इंतजार कर रहे थे तो चाचा (रामकिशन) की सांस चल रही थी, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। बानमोर नगर पालिका के कर्मचारी रामकिशन को टक्कर मारने वाले दोनों ही वाहनों की पहचान नहीं हो पाई है।
CCTV कैमरे खंगाले जा रहे
इस मामले में पुरानी छावनी थाना पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद घटना स्थल के आसपास CCTV कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं। आसपास कोई CCTV कैमरा नहीं होने पर आरोपी वाहन नजर नहीं आए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *