हनुमानगढ़ में मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय उपवास रखा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह विरोध प्रदर्शन जिला कलेक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें मनरेगा को समाप्त करने का प्रयास कर रही हैं, जिससे ग्रामीण मजदूरों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की तस्वीर वाले पोस्टर हाथों में लिए हुए थे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर मनरेगा को कमजोर करने के प्रयासों पर नाराजगी व्यक्त की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ विकास कार्यों को भी बढ़ावा देती है। उन्होंने सरकार पर योजना को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। मक्कासर ने मांग की कि मनरेगा को मजबूत किया जाए, मजदूरों को समय पर भुगतान मिले और पहले की तरह 100 दिन के रोजगार की गारंटी सुनिश्चित की जाए। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने बताया कि अब कांग्रेस कार्यकर्ता गांवों में जाकर मनरेगा श्रमिकों और कर्मचारियों को योजना को कमजोर करने की केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में जागरूक करेंगे।


