अंबिकापुर के गांधीनगर में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवती एवं दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों का मृतक के साथ पहले से परिचय नहीं था। मृतक युवती एवं एक आरोपी का पीछा कर गाली-गलौज कर रहा था। दोनों ने एक अन्य युवक को बुला मारपीट की, फिर चाकू मार दिया। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह गांधीनगर में डेयरी फार्म रोड पर एक युवक का शव पड़ा मिला था। मृतक की शिनाख्त बबलू मंडल (46 वर्ष) निवासी सुभाषनगर के रूप में हुई। मृतक के गले में किसी धागे से खींचने का निशान तथा पेट में चाकू मारने के निशान तथा खरोंचों के निशान मिले थे। शार्ट पीएम रिपोर्ट के अनुसार मौत काक कारण पेट में चाकू मारना बताया गया। पुलिस ने मामले में धारा 103 (1) का अपराध दर्ज किया। कुछ ही घंटों में आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले के CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने पहले युवती एवं बाद में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में सुमित एक्का (20) निवासी केनापारा, बलरामपुर, प्रमोद तिवारी (22 वर्ष) निवासी गांधीनगर एवं सुस्मिता हरिला उर्फ सोनिया पति शुभम विश्वास (22 वर्ष) निवासी गांधीनगर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आरोपी सुमित का परिचय 4-5 साल पहले सोनिया से हुआ था जिसे आरोपी सुमित मुँहबोली बहन मानता है। सोनिया ने सुमित का परिचय प्रमोद कुमार तिवारी उर्फ़ टक्कू से कराया था। सुमित एवं आरोपिता सोनिया घटना दिनांक को रात मे खाना पीना खाने के बाद सोने के लिए अपनी महिला मित्र के कमरे मे सोने के लिए गए थे। रूम में ताला लगा था जिसे उन्होंने तोड़ दिया। ताला तोड़ने के दौरान मकान मालिक मौके पर पहुंचा एवं मकान मालिक से उनका विवाद हो गया। विवाद के बीच में मृतक बबलू मंडल मौक़े पर पहुँचा और आरोपी सुमित एवं सोनिया से गाली गलौज कर उन्हें धमकी की। पीछे कर गाली-गलौज, मारपीट
सुमित व सोनिया मौक़े से चले गए तब बबलू मंडल दोनों का पीछा करने लगा और पीछा करते हुए वह डेयरी फॉर्म रोड तक पहुंच गया। उसने सोनिया से गाली गलौज की और धमकी देने लगा। उसने किसी अन्य व्यक्ति को फ़ोन कर मौके पर बुलाया। तब सोनिया ने प्रमोद कुमार तिवारी को फोन कर बुलाया। प्रमोद तिवारी मौक़े पर पहुंचा और बबलू मंडल के साथ मारपीट की। सोनिया भी युवक बबलू मंडल से मारपीट कर रही थी। उसी दौरान सुमित ने अपने पास रखे चाकू से मृतक के पेट में हमला कर दिया। जब बबलू मंडल गिर गया तो तीनों भाग निकले।
वे सोनिया के साथ प्रमोद तिवारी के घर जाकर सो गए। सुबह उन्हें बबलू मंडल के मरने की सूचना मिली तो वे चाकू को प्रिंसेस कॉटेज के सामने कचरे में फेंककर फरार हो गए। थाना प्रभारी गांधीनगर प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू एवं तीन मोबाइल बरामद किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।


