मनरेगा-मेडिकल कॉलेज को लेकर बैतूल में कांग्रेस का आंदोलन:15 जनवरी को आमला, 16 को भैंसदेही में होगी रैली व आमसभा

बैतूल जिले में कांग्रेस पार्टी मनरेगा और सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर जन आंदोलन शुरू करने जा रही है। इसके तहत 15 और 16 जनवरी को आमला और भैंसदेही में ‘संग्राम रैली’ और आमसभा का आयोजन किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य मनरेगा से जुड़े मुद्दों और पीपीपी मोड मेडिकल कॉलेज के प्रभावों को जनता तक पहुंचाना है। जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार, पहले चरण में 15 जनवरी को सुबह 11 बजे आमला में जिला स्तरीय ‘मनरेगा बचाओ संग्राम रैली’ और आमसभा होगी। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता मनरेगा में मजदूरी भुगतान में देरी और काम के अवसरों में कमी जैसे मुद्दों को उठाएंगे। आमसभा के माध्यम से सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए जाएंगे। दूसरे चरण में 16 जनवरी को दोपहर 12 बजे भैंसदेही में रैली और आमसभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि इसमें कांग्रेस नेता सीधे मनरेगा मजदूरों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसका उद्देश्य मजदूरों की वास्तविक स्थिति को सामने लाना है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि इस आंदोलन के दौरान बैतूल में प्रस्तावित पीपीपी मोड मेडिकल कॉलेज की जगह सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी। पार्टी का कहना है कि सरकार स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर विफल रही है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय विनोद डागा ने दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम जनता से शामिल होने की अपील की। पार्टी इसे जन आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है, ताकि मनरेगा और आमजन से जुड़े सवालों पर व्यापक दबाव बनाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *