टीकमगढ़-धजरई सड़क निर्माण शुरू:कलेक्टर ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

टीकमगढ़ में नया बस स्टैंड से धजरई बल्देवगढ़ रोड का निर्माण कार्य जारी है। रविवार को कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रोतिय ने मौके से ही एमपीआरडीसी के अधिकारियों को फोन पर निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए। दरअसल, टीकमगढ़ से बंधा तिराहा तक की सड़क लंबे समय से खस्ताहाल थी। इस सड़क के निर्माण का टेंडर पहले ही हो चुका था और ठेकेदार ने बंधा की ओर से निर्माण कार्य शुरू किया था। हाल ही में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नया बस स्टैंड की ओर से भी काम शुरू कराने की मांग रखी थी। इस पर कलेक्टर ने बैठक में मौजूद एमपीआरडीसी के अधिकारियों को बस स्टैंड से भी निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के बाद बस स्टैंड से धजरई रोड पर भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। कलेक्टर ने जोर देते हुए कहा कि इस रास्ते से बड़ी संख्या में यात्री बसें, हैवी डंपर और चार पहिया वाहनों का आवागमन होता है, इसलिए सड़क की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *