5 लाख में मर्डर की डील, सुपारी किलिंग का मामला:मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ललितपुर के रहने वाले जीतू ने शूटर कपिल दुबे को मिलवाया, हथियार दिए

अशोकनगर जिले में जगीरा यादव सुपारी किलिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी जीतू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। जीतू गुप्ता पर शूटर कपिल दुबे को सुपारी देने वाले संजीव यादव से मिलवाने और हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया
यह मामला 5 जनवरी को सामने आया था, जब कोतवाली पुलिस ने शूटर कपिल दुबे (निवासी हरिपुर, अयोध्या, उत्तर प्रदेश) और संजीव यादव (निवासी शंकरपुर, मगरधा) को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। इन दोनों पर जगीरा यादव की सुपारी लेने का आरोप है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 08/26, धारा 55, 61(2)(ए) बीएनएस और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। 5 लाख में हुई थी डील
पुलिस पूछताछ में कपिल दुबे और संजीव यादव ने बताया था कि उनके बीच 5 लाख रुपये की सुपारी की डील जीतू गुप्ता (निवासी ललितपुर, उत्तर प्रदेश) ने कराई थी। जीतू ने ही उन्हें घटना में इस्तेमाल होने वाले हथियार भी उपलब्ध कराए थे। इसके बाद प्रकरण में धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर जीतू गुप्ता को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम गठित की गई थी। घटना के बाद से जीतू लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस टीम ने लगातार प्रयासों के बाद आरोपी जीतू गुप्ता को चंदेरी रोड स्थित ग्राम अमरोद के पास से पकड़ा। पुलिस को देखकर आरोपी ने अपने पास रखा हथियार झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी द्वारा बताए गए स्थान से एक 315 बोर का कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त किए। आरोपी जीतू गुप्ता को अब माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *