देवास में चोरी कर फिरौती वसूलने वाला गिरोह पकड़ा:बाइक लौटाने के बदले मांगे थे 15 हजार, तीन आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस ने चोरी और फिरौती वसूलने वाले एक गिरोह का रविवार को पर्दाफाश किया है। कमलापुर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फिरौती की रकम 15,000 रुपए और चोरी की गई बाइक समेत कुल 1,35,000 रुपए का सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर की गई, जिन्होंने जिले में अवैध गतिविधियों और गलत तरीके से पैसे कमाने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब दिलीप पिता कल्याण जादव ने कमलापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। फोन कर मांगी थी फिरौती
दिलीप जादव ने 10 जनवरी 2026 को रिपोर्ट लिखवाई कि 7 जनवरी 2026 को उनके खेत के सामने से उनकी एचएफ डीलक्स बाइक (एमपी 09 बीएम 8783) चोरी हो गई थी। अगले ही दिन, 8 जनवरी 2026 को, आरोपियों ने उन्हें फोन कर बाइक वापस करने के लिए 15,000 रुपए की फिरौती मांगी। फरियादी ने आरोपी अरविंद सेंधव के मोबाइल पर फोन-पे के माध्यम से 15,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन उन्हें मोटरसाइकिल वापस नहीं मिली। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर, कमलापुर थाने में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी कमलापुर एस.एस. मीणा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर, पुलिस टीम ने ग्राम कुमारिया, थाना पीपलरावां, जिला देवास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कृष पिता जितेंद्र हाडा (19 वर्ष, निवासी कुमारिया बनवीर), अविनाश सिसोदिया पिता जितेंद्र सिसोदिया (21 वर्ष, निवासी पीपलरावा) और अरविंद सेंधव पिता इंदर सिंह सेंधव (25 वर्ष, निवासी ग्राम बावड़िया, थाना पीपलरावा) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 15,000 रुपए नकद, चोरी की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (एमपी09 बीएम 8783) और चोरी में इस्तेमाल की गई एक अन्य एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *