हजारीबाग की जय प्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से फरार हुए तीन सजायाफ्ता कैदियों को पुलिस ने महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। 31 दिसंबर 2025 की रात हुई इस सनसनीखेज फरारी की जानकारी जेल प्रशासन को सुबह एक जनवरी की सुबह करीब सात बजे मिली। जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया गया कि तीनों कैदी रात करीब 1:30 बजे जेल से भाग निकले थे। फरारी की सूचना मिलते ही उपायुक्त की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक सहित वरीय अधिकारियों की टीम ने केंद्रीय कारा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। फरार कैदियों की पहचान देवा भुइयां उर्फ देव कुमार भुइयां (20), राहुल रजवार (27) और जितेंद्र रवानी के रूप में हुई। सभी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। लोहे के हुक और चादर की रस्सी से रची फरारी की साजिश जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गोशाला से आगे निकलने के लिए कैदियों ने लोहे के हुक, चादर से बनी रस्सी और लकड़ी के डंडे का इस्तेमाल कर दीवार फांदी और फरार हो गए। इस मामले में केंद्रीय कारा प्रशासन के आवेदन पर लोहसिंघना थाना में कांड संख्या 196/2025 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में तीन विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए गए। इन टीमों को तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन, मूवमेंट ट्रेल खंगालने और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार झारखंड, बिहार और महाराष्ट्र में सक्रिय रहीं। हजारीबाग से सोलापुर तक पीछा, ईंट-भट्ठे से गिरफ्तारी पुलिस जांच में पता चला कि फरारी के बाद तीनों पहले सिंदूर चौक पहुंचे, फिर इचाक के कुरहा गांव गए। वहां से बरकट्ठा, बरही, कोडरमा, गया, क्यूल और जसीडीह होते हुए चार जनवरी को जसीडीह-पुणे एक्सप्रेस से महाराष्ट्र रवाना हुए। छह जनवरी को दौंड जंक्शन पर उतरने के बाद वे बस और पैदल यात्रा कर सोलापुर जिले के कोरटी क्षेत्र पहुंचे। जहां एक ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने लगे। लगातार पीछा करते हुए हजारीबाग पुलिस ने करमाला थाना क्षेत्र से तीनों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया। पूरी कार्रवाई की जानकारी हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने दी। ————————————————— इसे भी पढ़ें… हजारीबाग सेंट्रल जेल से भाग निकले 3 कैदी:शौच के बहाने निकले, कपड़ों से रस्सी बनाई, बिजली तारों के पास से फेंसिंग की पार हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से तीन कैदियों के फरार होने की बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है। राज्य की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इस हाई सिक्योरिटी जेल से कैदियों का भागना पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने फरारी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों कैदी धनबाद जिले के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन, पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पूरे सिस्टम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पूरी खबर यहां पढ़ें..


