विदिशा पुलिस ने 149 वाहन नीलाम किए:एक हजार से 34 हजार तक बिकीं गाड़ियां, 10.64 लाख का राजस्व

विदिशा पुलिस ने थानों में जब्त पड़े 149 दोपहिया वाहनों की रविवार को खुली नीलामी की। सिविल लाइन थाना परिसर में आयोजित इस नीलामी से पुलिस को 10 लाख 64 हजार रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। यह पहल वर्षों से थानों में खड़े वाहनों की समस्या के समाधान के लिए की गई है। नीलामी में बजाज स्कूटर, हीरो, हीरो पंच, राजदूत, टीवीएस और जावा जैसी विभिन्न कंपनियों के दोपहिया वाहन शामिल थे। इन वाहनों की आधार कीमत एक हजार से साढ़े चार हजार रुपए निर्धारित की गई थी। हालांकि, खुली बोली के कारण कई वाहन अपनी तय कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बिके। इस नीलामी में विदिशा के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने अपनी पसंद के वाहनों के लिए बढ़-चढ़कर बोली लगाई। नीलामी देर रात तक जारी रही। सबसे महंगी जावा बुलेट 34 हजार रुपए में नीलाम हुई, जबकि अधिकांश वाहन 15 हजार रुपए से अधिक कीमत पर बिके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पहले जब्त वाहनों को लॉट में बेचने पर अपेक्षित कीमत नहीं मिल पाती थी। इसी कारण इस बार खुली नीलामी की व्यवस्था की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने जानकारी दी कि जिले के विभिन्न थानों में अभी भी एक हजार से अधिक जब्त वाहन मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ऐसी ही नीलामी आयोजित की जाएगी। इस पहल से थानों में जगह की समस्या कम होगी, आम लोगों को किफायती दामों पर वाहन उपलब्ध होंगे और सरकारी राजस्व में भी वृद्धि होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *