पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल रविवार को एक दिवसीय दौरे पर बालाघाट पहुंचे। भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने ‘जीरामजी योजना’ को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर तीखा पलटवार किया। पटेल ने कहा कि कांग्रेस को गांधीजी की चिंता नहीं, बल्कि राम के नाम से नाराजगी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गांधीजी की जन्मशताब्दी कब निकल गई किसी को पता भी नहीं चला, जबकि मोदी सरकार ने बापू की 150वीं जयंती को ऐतिहासिक सम्मान दिया है। ‘जीरामजी योजना’ में नहीं होगी काम की चोरी योजना की बारीकियों पर बात करते हुए मंत्री पटेल ने पारदर्शिता का दावा किया। उन्होंने बताया कि ‘जीरामजी योजना’ के तहत होने वाला हर काम जियोटैग (डिजिटल लोकेशन मैपिंग) से लैस होगा। इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी। अब न तो काम की चोरी हो सकेगी, न सरकारी संपत्ति में कोई हेरफेर कर पाएगा और न ही मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी तरीके से पैसा निकाला जा सकेगा। मजदूरी पर आश्वासन: मनरेगा से कम नहीं होगा भुगतान 100 दिन से कम काम मिलने और मजदूरी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में मनरेगा की मजदूरी में जितनी बढ़ोतरी हुई है, उतनी पहले कभी नहीं हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ‘जीरामजी योजना’ में भी मजदूरी कम नहीं होगी, बल्कि समय और हालात के हिसाब से इसे बढ़ाकर ही दिया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने राजनीतिक फायदे के लिए ‘नरेगा’ का नाम ‘मनरेगा’ किया था, जबकि भाजपा असल काम पर ध्यान दे रही है।


