सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के विकासनगर हाईवे पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की जान चली गई। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे गांव शाहपुर गाड़ा निवासी आर्यन (14) और दीपक (17) को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। हादसे में आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दीपक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जबकि परिचालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसा मिर्जापुर कोतवाली क्षेत्र के गांव जाटोवाला के पास विकासनगर हाईवे पर रविवार शाम करीब सात बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, आर्यन और दीपक बाइक से बेहट से ट्यूशन पढ़कर अपने गांव शाहपुर गाड़ा लौट रहे थे। घटनास्थल की 2 तस्वीर देखिए… प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से आ रही बस ने आगे निकलने के प्रयास में उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान आर्यन बस के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और घायल दीपक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सहारनपुर जिला अस्पताल भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दीपक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों छात्रों की मौत की खबर मिलते ही शाहपुर गाड़ा और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ गांव जाटोवाला के ग्राम प्रधान सतीश धीमान और शाहपुर गाड़ा के प्रधान मंसूर चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बस परिचालक को ग्रामीणों द्वारा पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। दोनों छात्र पढ़ने में होशियार थे बताया जा रहा है कि मृतक आर्यन कक्षा 10 का छात्र था, जबकि दीपक कक्षा 12 में पढ़ाई कर रहा था। दोनों छात्र पढ़ाई में मेहनती बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि विकासनगर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


