भास्कर न्यूज|गुमला जिले में अवैध बालू खनन और तस्करी के खिलाफ गुमला पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर 11 जनवरी को सुबह करीब 07:45 बजे गुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडरिया गांव के नीचे कोयल नदी से अवैध बालू उत्खनन व परिवहन के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने मौके से 3 ट्रैक्टर जब्त कर बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी दल का नेतृत्व पुअनि मंगल टुडू कर रहे थे। दल में आरक्षी यावर खान, सालन आइंद, पंकज महतो, संजय एक्का तथा सहायक आरक्षी प्रवीण टोप्पो शामिल थे। पुलिस टीम के अचानक पहुंचते ही बालू तस्करों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण पुलिस 3 ट्रैक्टर पकड़ने में सफल रही। पुलिस द्वारा जब्त ट्रैक्टरों में दो सोनालिका कंपनी के ब्लू रंग के ट्रैक्टर व एक महिंद्रा कंपनी का लाल रंग का ट्रैक्टर शामिल है। इनमें से 2 ट्रैक्टरों में अवैध रूप से बालू लोड था, जबकि एक ट्रैक्टर बिना बालू लोड पाया गया। खास बात यह रही कि दूसरे क्रमांक के सोनालिका ट्रैक्टर का चालक पुलिस बल को देखकर ट्रॉली में लोड बालू मौके पर ही गिराकर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। ट्रैक्टरों पर रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं पाया गया, जिससे इनके अवैध परिचालन की पुष्टि होती है। छापेमारी के बाद पुलिस ने तीनों ट्रैक्टरों को 11 जनवरी 2026 को अपराह्न 2:50 बजे गुमला थानान्तर्गत नवनिर्मित टोटो थाना परिसर में लाकर सुरक्षार्थ रखा है। इस पूरे मामले को लेकर पुअनि. उद्देश्वर पाल ने जिला खनन पदाधिकारी, गुमला को औपचारिक पत्र भेजते हुए जब्त ट्रैक्टरों के विरुद्ध खनन अधिनियम व संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। सघन छापेमारी को लेकर जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में जिला प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। प्राथमिकी और जब्ती रिपोर्टों के अनुसार केवल जनवरी माह (2025-26 सत्र) में अब तक 12 से अधिक एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध बालू (करीब 82,000+ घनफीट) जब्त किया गया है। वाहनों की धरपकड़: पुलिस और खनन विभाग ने पत्थर और बालू के अवैध परिवहन में लगे कई हाईवा और ट्रैक्टरों को जब्त किया है। हाल ही में सिसई थाना क्षेत्र में एक हाईवा को 550 घनफीट अवैध बालू के साथ पकड़ा गया।


