पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, अमृतसर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। 8 और 9 जनवरी को केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, दिल्ली कैंट के राधाकृष्णन ऑडिटोरियम में आईआईटी दिल्ली तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन के सहयोग से आयोजित ‘एआई विद्यासेतु राष्ट्रीय हैकाथॉन प्रतियोगिता’ में विद्यालय के पांच विद्यार्थियों ने ‘सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतीकरण’ का पुरस्कार जीता। इस विजेता टीम में देवाशीष लुंबा, रिद्धिमा डढवाल, गरिमा धीमान, प्रज्ञान नंदराजोग और लवलीन साहू शामिल रहे। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, अमृतसर के प्राचार्य पीएल धीमान का कुशल नेतृत्व व टीम मेंटर मोहित सिंघल का योग्य मार्गदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। इसके साथ ही टीम के साथ गए सभी अनुरक्षकों का सहयोग भी प्रशंसनीय रहा। विद्यालय पहुंचने पर विजेता टीम का भव्य स्वागत किया गया।


