पंजाब की वालीबॉल में ऐतिहासिक वापसी, सांसद औजला ने दी बधाई

पंजाब की पुरुष वॉलीबॉल टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाते हुए इतिहास रच दिया है। 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में पंजाब ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए सर्विसेज की टीम को स्ट्रेट सेट्स में शिकस्त देकर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि पूरे 21 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पंजाब ने नेशनल ओपन वॉलीबॉल में पोडियम पर वापसी की है। इससे पहले पंजाब को वर्ष 2006 में पदक हासिल हुआ था। इस ऐतिहासिक जीत पर पंजाब वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सांसद गुरजीत सिंह औजला ने टीम के खिलाड़ियों से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सांसद औजला ने कहा कि यह सफलता पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया का परिणाम है, जिसमें केवल मेहनती और काबिल खिलाड़ियों को ही अवसर दिया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब के पांच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन होना पूरे राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने टीम के कोच और कप्तान की भी सराहना की और कहा कि खिलाड़ियों को जब पूरा सम्मान, स्वतंत्रता और बेहतर माहौल मिलता है, तभी वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाते हैं। उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उन्हें बधाई दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *