सहकार भारती अमृतसर इकाई द्वारा ‘सहकार स्थापना दिवस’ को कन्याओं को समर्पित करते हुए लोहड़ी का पर्व हर्षोल्लास और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। समर्पण, सद्भाव और स्वरोजगार की भावना को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रमुख कमल कुंद्रा ने की। वक्ताओं ने सहकारिता को आत्मनिर्भर समाज की मजबूत आधारशिला बताते हुए इसके व्यापक विस्तार का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांत के एफपीओ प्रमुख डॉ. सतीश वर्मा तथा विशेष अतिथि के रूप में उत्तर क्षेत्र संगठन प्रमुख शंकर दत्त तिवाड़ी उपस्थित रहे। प्रदेश प्रांत अध्यक्ष बलराम दास बावा ने मुख्य वक्ता के रूप में सहकारिता के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समृद्धि संभव है। कार्यक्रम की रूपरेखा पंजाब कार्यकारिणी सदस्य एवं विभाग प्रमुख राजिंदर सिंह बिष्ट ने तैयार की। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें महिला प्रमुख डॉ. रजनी डोगरा सहित अतिथियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। 122 बार रक्तदान करने वाले डॉ. राजेश सिधाना, 1984 के आतंकवाद दौर में शहीद परिवार की सदस्य अमर ज्योति, जागृति एफपीओ अजनाला के बलविंदर सिंह तथा ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा देने वाले मत्तेवाल सेल्फ हेल्प ग्रुप को विशेष सम्मान दिया गया। वहीं, डॉ. सिद्धांत बनुड़ा को युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।


