वाया बाडी गोवर्धन का भी प्लान, कई बंद रूट भी होंगे बहाल भास्कर न्यूज। धौलपुर प्रयागराज में आयोजित अर्द्ध कुंभ स्नान करने जाने वाले यात्रियों लिए खुशखबरी है। धौलपुर से प्रयागराज के लिए सोमवार से धौलपुर आगार की बस सेवा प्रारंभ होगी, जो कि 15 फरवरी तक चलेगी। मुख्य प्रबंधक जगजीत सिंह ने बताया कि धौलपुर सुबह 8.30 रवाना होगी, जो कि बाड़ी 9.15़, बाडी 9.30, धौलपुर 11, दोपहर राजाखेड़ा 12, बाह एक बजे, इटावा 2, कानपुर 6, प्रयागराज रात 9 बजे पहुंचेगी। वापसी में प्रयागराज से धौलपुर के लिए बस सुबह 10 बजे रवाना होगी। कानपुर दोपहर एक, इटावा 5, बाह 6, राजाखेड़ा 7, धौलपुर रात 8 बजे पहुंचेगी। इसके अलावा यात्री भार रहा तो एक और बस भी यात्री भार को देखते हुए शुरू होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर खाटूश्याम, गोवर्धन के लिए भी स्पेशल रोडवेज बस शुरू करने की कवायद जारी है। इस नई सेवा के शुरू होने से यात्रियों का सफर अब न केवल आसान होगा, बल्कि समय की भी बचत होगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। धौलपुर से धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोगों को काफी फायदा होगा। हालांकि धौलपुर से खाटूश्याम जी के धौलपुर डिपो की दो बस सुबह आठ बजे और रात साढ़े आठ बजे उपलब्ध है, लेकिन रोडवेज मुख्य प्रबंधक जल्द जल्दी सुबह एक बस और खाटूश्याम जी के लिए शुरू करने का प्लान कर रहे हैं, जिसे जल्द हरी झंडी मिलेगी। खाटूश्याम जी के लिए ये बस वाया बसेड़ी बयाना होते हुए वापस इसी रूट से धौलपुर आएगी। वहीं धौलपुर से वाया बाडी गोवर्धन के लिए भी जल्द यात्रियों के लिए सीधी बस मिल जाएगी। क्योंकि ये रूट ऐसे हैं, जहां धार्मिक यात्रा के लिए यात्री भार रहता है, लेकिन सीधी बस नहीं होने से यात्री टुकड़ों में सफर कर पहुंचता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। करौली की एक बस वाया धौलपुर सौंरोजी जाएगी… रोडवेज के एटीआई आदर्श मुदगल ने बताया करौली डिपो ने एक बस सौंरोजी के लिए शुरू की है, जो सपोटरा से चलकर वाया धौलपुर सौंरोजी पहुंचेगी। ये बस सपोटरा से दोपहर साढ़े तीन बजे चलेगी, जो करौली शाम 5 बजे, धौलपुर रात 8 बजे आएगी, यहां से रवाना होकर देर रात दो बजे सौंरोजी पहुंच जाएगी। धौलपुर से कई रूट ऐसे हैं, जो बहुत ही यात्री भार वाले थे। लेकिन परिचालकों की कमी से ये बहाल नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन अब उम्मीद जगी है। क्योंकि जिला प्रशासन की ओर से कंडक्टर के रुप में सिविल डिफेंस के जवान मिलने पर मुहर लगने से ये बहाल होंगे। बंद रूट में -बसेडी से जयपुर वाया बयाना, -अलीगढ़ से ग्वालियर,-धौलपुर से अयोध्या,-धौलपुर से अलवर,-धौलपुर से जयपुर वाया बसेड़ी बयाना, -धौलपुर से जयपुर वाया करौली, -धौलपुर से राजाखेड़ा,-राजाखेडा से कैलादेवी।


