गुना शहर की हनुमान टेकरी पर दर्शन करने गए एक सरकारी शिक्षक के जूते चोरी हो गए। शिक्षक ने कैंट थाने में आवेदन देकर जूते खोजने की मांग की है। शिक्षक का कहना है कि जूते काफी महंगे थे और इस तरह की घटनाएं श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाती हैं। विंध्याचल कॉलोनी निवासी राजेश कुमार शर्मा ने कैंट थाने में दिए आवेदन में बताया कि 30 दिसंबर को वह शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ शाम करीब 6:50 बजे हनुमान टेकरी पर दर्शन करने पहुंचे थे। वह शाम की आरती में शामिल हुए। हाथ धोने की जगह के पास उतारे थे जूते शिक्षक ने बताया कि आरती समाप्त होने के बाद करीब 7:20 बजे वह मंदिर से नीचे उतरे। दर्शन के दौरान उन्होंने हाथ धोने की जगह के पास अपने जूते उतारे थे, लेकिन लौटने पर वे वहां नहीं मिले। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जूते चोरी कर लिए गए। जूतों की कीमत 4 हजार रुपए से अधिक बताई गई है। उन्होंने बताया कि आसपास तलाश करने और चौकीदार से पूछताछ करने पर कहा गया कि ऐसी घटनाएं यहां अक्सर होती हैं। कुछ स्थानीय लोग इस तरह की चोरी करते हैं। यह सुनकर उन्हें काफी निराशा हुई। CCTV होने के बावजूद चोरी पर सवाल शिक्षक का कहना है कि हनुमान टेकरी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद इस तरह की घटनाएं होना चिंता का विषय है। इससे दर्शनार्थियों की भावनाएं आहत होती हैं। शिक्षक ने अपने आवेदन में मांग की है कि उनके जूते ढूंढकर उन्हें वापस दिलाए जाएं, ताकि उनकी आस्था बनी रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। इस मामले में श्री हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट के प्रवक्ता राजेश अग्रवाल ने कहा कि मामला वाकई गंभीर है। पूरे टेकरी परिसर में CCTV कैमरे लगे हुए हैं , और सभी कंट्रोल रूम से जुड़े हुए हैं। हम श्रद्धालुओं को सदैव बेहतर व्यवस्थाएँ प्रदान करने हेतु प्रयासरत हैं, फिर भी घटना आश्चर्यजनक है। मैं इस संबंध में पुलिस प्रशासन से निवेदन करूँगा कि आवेदक शिक्षक की मदद करें। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील है कि जब तक यह चोरी ट्रेस नहीं हो जाती, तब तक इतने महंगे जूते पहन कर न आएँ।


