4 घंटे में 3 घटनाएं…:मांजे से ठेकेदार की मौत, 2 लोग गंभीर

इंदौर में चाइनीज मांजे से फिर जानलेवा हादसा हुआ। रविवार शाम करीब 5 बजे खजराना ब्रिज से तिलक नगर की ओर बाइक से उतर रहे 45 वर्षीय रघुवीर सिंह पिता भूरा सिंह धाकड़, निवासी ओम साईं विहार कॉलोनी, तिलक नगर की गर्दन मांजे से कट गई। राहगीरों ने उन्हें लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। भाई शुभम धाकड़ ने बताया, रघुवीर की गर्दन 2.5 इंच तक कट गई। डोर रीढ़ की हड्डी तक पहुंच गई थी। टीआई मनीष लोधा के अनुसार रघुवीर दोपहर करीब 3 बजे रसोमा चौराहे के पास स्थित कंस्ट्रक्शन साइट पर काम देखने गए थे। लौटते समय हादसा हो गया। रविवार को ही जूनी इंदौर क्षेत्र में बाइक से जा रहा छात्र नरेंद्र जामोद भी चाइनीज मांजे की चपेट में आ गया। वह दोस्त अनिल चौहान के साथ बाइक से जा रहा था। नरेंद्र मूल रूप से धार का रहने वाला है और इंदौर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा है। उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है। एडिशनल डीसीपी जोन 2 अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मांजा बेचने वाले और पतंग उड़ाने वाले पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। भास्कर ग्राउंड रिपोर्ट ब्रिज बना खतरनाक, दिनभर घायल हो रहे लोग भास्कर टीम जब खजराना ब्रिज पहुंची, तो दिनभर ब्रिज और आसपास के इलाकों में पतंगबाजी होती देखी गई। क्षेत्र की रहने वाली अनुपमा शर्मा ने बताया कि उनके पैर में डोर लपटने से अंगुली कट गई। रहवासी आरिफ हुसैन के अनुसार दिनभर कई वाहन चालक डोर के कारण परेशान होते दिखे और कुछ बाल-बाल बचे। पुलिस के मुताबिक 7 दिनों में 15 लाख रुपए से ज्यादा का मांजा जब्त किया है और चाइनीज मांजा बेचने वालों पर जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की है। इसके बावजूद खजराना, छत्रीपुरा, कनाड़िया, एरोड्रम, मल्हारगंज और एमजी रोड इलाकों में चाइनीज मांजा चोरी-छिपे बिकने की बात सामने आ रही है। तीसरी घटना एरोड्रम थाना इलाके में एयरपोर्ट के सामने की है। यहां आशीष रघुवंशी निवासी स्कीम नंबर 51 का भी बाइक पर जाते समय चाइना मांझे से गला कट गया। उसे उपचार के लिए 60 फीट रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *