भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अंतर्गत हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज 2026 के तहत “हज प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम” मुंबई स्थित केंद्रीय हज कार्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में 10 व 11 जनवरी को आयोजित किया गया। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान हज कमेटी से पाली के हज ट्रेनर आमीन अली रंगरेज़ ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय हज कमेटी के सीईओ शहनवाज सी तथा सीजेआई जेद्दाह फहद अहमद सुरी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। प्रशिक्षण सत्रों में केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय, विदेश मंत्रालय एवं स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों सहित विषय विशेषज्ञों ने हज यात्रा से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस प्रशिक्षण शिविर में हज कमेटी ऑफ इंडिया के अधिकारीगण, देशभर की स्टेट हज कमेटियों के चेयरमैन एवं कार्यकारी अधिकारी शामिल हुए। दो दिवसीय कार्यक्रम में पूरे भारत से लगभग 650 चयनित हज ट्रेनर्स ने सहभागिता की। कॉन्फ्रेंस के दौरान हज 2026 में भारत सरकार एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं, यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा इंतजामों तथा इस वर्ष किए गए नए बदलावों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि हज यात्रियों को बेहतर और सुव्यवस्थित मार्गदर्शन मिल सके।


