भास्कर न्यूज | मझिआंव मझिआंव थाना की पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की तीन बड़ी घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इन चोरी की घटनाओं में शामिल चार अभियुक्तों में से पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि एक अभियुक्त अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में रविवार को मझिआंव थाना परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित कर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस निरीक्षक बृज कुमार ने बताया कि मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत 28 दिसंबर को मध्य विद्यालय मझिआंव, 31 दिसंबर को बरडीहा रोड स्थित गायत्री जनरल स्टोर तथा 1 जनवरी 2026 को कांडी रोड चंद्रवंशी पेट्रोल पंप के समीप सत्येंद्र नाथ पांडेय के सीमेंट व छड़ की दुकान में चोरी की घटनाएं घटित हुई थीं। इन सभी मामलों में थाना में अलग-अलग कांड संख्या के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। इस टीम में पुलिस निरीक्षक बृज कुमार, थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को शामिल किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को इस गिरोह में शामिल अभियुक्तों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे। जांच के दौरान कुंदन कुमार चौधरी (उम्र 19 वर्ष, पिता स्वर्गीय संजय चौधरी, ग्राम लोहरपुरवा), आशीष कुमार गुप्ता (उम्र 19 वर्ष), हिमांशु कुमार गुप्ता (उम्र 20 वर्ष), दोनों पिता रमेश प्रसाद गुप्ता, निवासी मझिआंव तथा राकेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह (पिता सुखाड़ी सिंह, निवासी चंद्री, मझिआंव जिला गढ़वा) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने 10 जनवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए अभियुक्त कुंदन कुमार चौधरी, आशीष कुमार गुप्ता एवं हिमांशु कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान तीनों अभियुक्तों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरी के मामलों से संबंधित सामान कुआं, भूसा, पुआल एवं अन्य स्थानों से बरामद किया। बरामदगी के बाद तीनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बरामद सामान में एक प्रिंटर, यूपीएस, तीन मॉनिटर, तीन कीबोर्ड, दो माउस, एक बैटरी, तीन डीसी केबल, एक दरवाजा तथा विभिन्न कंपनियों के कुल नौ केबल सहित अन्य सामान शामिल हैं। वहीं एक हिस्सा तालाब में फेंक दिए जाने की जानकारी मिली थी, जिसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन वह बरामद नहीं हो सका। अभी भी 40 लाख की चोरी करने वाले नहीं धराए : गढ़वा जिला के बिशनपुरा प्रखंड मुख्यालय में पिछले दिनों ज्वेलरी व कपड़ा दुकान में 40 लाख की चोरी की घटना में संकलित चोरों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। अभी भी इस घटना में पुलिस के हाथ खाली हैं। इसके कारण बिशनपुरा के व्यवसायियों में आक्रोश भी है। मझिआंव में हुई इस गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि 40 लाख की चोरी की घटना का भी उद्भेदन भी जल्द ही हो सकेगा। इस पूरे अभियान में एसआई चंदन प्रधान, संजय मुंडा, धर्मेंद्र कुमार सिंह, एएसआई आलोक कुमार, रणवीर प्रसाद, हवलदार कन्हैया यादव, चालक मिथिलेश कुमार तिवारी, आरक्षी उपेंद्र माझी, धनेश्वर उरांव एवं हदीस अंसारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


