गढ़वा | स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में रंका प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका ने एक अलग पहचान बना चुकी है। पहली बार किसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर नि: शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 40 आयुष्मान कार्डधारी मरीजों का सफलतापूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया। यह उपलब्धि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका के प्रभारी डॉ. असजद अंसारी एवं उनकी चिकित्सकीय टीम के अथक प्रयासों का परिणाम है। अब तक गढ़वा जिले के किसी भी सीएचसी में मोतियाबिंद का ऑपरेशन नहीं हुआ था। ऐसे में रंका सीएचसी ने यह सफलता अर्जित कर जिले के स्वास्थ्य मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना ली है। जानकारी के अनुसार नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर में पहले मरीजों की समुचित जांच की गई। इसके बाद विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में ऑपरेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर में आए मरीजों को भर्ती से लेकर डिस्चार्ज तक सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। ऑपरेशन के बाद मरीजों के लिए दवा, चश्मा तथा आवश्यक परामर्श की भी व्यवस्था की गई। शिविर के दौरान मरीजों के चेहरों पर राहत और संतोष स्पष्ट रूप से झलक रहा था। इस अवसर पर कई मरीजों ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे लंबे समय से ऑपरेशन नहीं करा पा रहे थे। लेकिन आयुष्मान योजना के तहत मिले इस अवसर ने उनके जीवन में नई रोशनी ला दी।


