भास्कर न्यूज | गढ़वा खेल प्रेमियों के लिए रविवार का दिन खास रहा, जब भवानी सिंह मेमोरियल अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन-8) का भव्य शुभारंभ जेबी हाई स्कूल रेहला मैदान में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में हीरो क्लब डिहरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीसी रेहला को नॉकआउट मैच में 9 विकेट से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीसी रेहला की टीम महज 62 रन बनाकर 12वें ओवर में ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हीरो क्लब डिहरिया की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। डिहरिया टीम के कप्तान गोल्डन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 11 रन देकर 6 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस हार के साथ ही आरसीसी रेहला की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जबकि डिहरिया ने जीत के साथ आगे का टिकट कटाया। इससे पूर्व अतिथियों रविवार दोपहर 12:30 बजे टूर्नामेंट का उद्घाटन दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में युवा समाजसेवी बबलू सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुधीर चंद्रवंशी, समाजसेवी प्रभात कुमार दुबे, पुलिस इंस्पेक्टर रामाशीष पासवान सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बॉल हिट कर मैच का शुभारंभ कराया। सोमवार को लीग चरण का दूसरा नॉकआउट मुकाबला तौहिद-11 बनाम रुद्रा-11 के बीच सुबह 11:30 बजे से खेला जाएगा। मैच में अंपायरिंग रविशंकर चौबे और बबलू सिंह ने की, जबकि स्कोरर की भूमिका गुड्डू प्रसाद गुप्ता और उद्घोषक की भूमिका चंद्रमणि दीक्षित ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में लल्टू सिंह, अंकुर सिंह, पप्पू सिंट, गप्पू सिंह, संतोष गुप्ता, प्रिंस केसरी सहित कई कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


