सोसाइटी में जाम धान, 20 तक उठाव नहीं हुआ तो खरीदी बंद करेंगे

भास्कर न्यूज | धमतरी धमतरी जिले में धान खरीदी जिस रफ्तार से चल रही है, उस मुताबिक धान का परिवहन नहीं हो रहा है। इससे जिले के सभी 100 सोसाइटियों में धान जाम हो गया है। स्थितियां बदहाल होते ही प्रबंधकों, फड़ प्रभारियों ने भी 20 दिसंबर तक उठाव में तेजी नहीं आने पर खरीदी बंद करने की चेतावनी दी है। पुनः 21 दिसंबर को जिला संघ की बैठक कर धान खरीदी बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। शनिवार को बठेना सोसाइटी में सायं 4 बजे सहकारी समिति कर्मचारी संघ जिला धमतरी की कार्यकारिणी बैठक हुई। बैठक में प्रबंधकों, फड़ प्रभारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में धान खरीदी और खरीदी के बाद परिवहन को लेकर चिंता जताई। संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र साहू ने बताया कि अब तक जिले में 27 लाख क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। इसमें से महज 6 लाख क्विंटल धान का उठाव हुआ है। 21 लाख क्विंटल धान अभी भी 100 सोसाइटियों में जाम पड़ा हुआ है। धान खरीदी करने के लिए कई समितियों में जगह का भाव हो गया है। जो धान संग्रहण केंद्रों में जा रही है, उसमें सुखत आ रही है। इससे समिति को आर्थिक क्षति होगी और कर्मचारियों को भी कार्रवाई होने का डर है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आमदी के समिति प्रबंधक नारायण साहू का धान खरीदी के दौरान अटैक से मौत हुई है। इसकी जांच की मांग करते हुए उनके परिवार को शासकीय नौकरी एवं अन्य आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। इसके अलावा बीते साल धान खरीदी का कमीशन, शुन्य शॉर्टेज की राशि और ब्याज अनुदान की राशि भी समितियां को देने की मांग की गई। बैठक में रोहित साहू कोडेबोड़, सेवक राम साहू जामगांव, ओंकार कश्यप भखारा, हेमूराम साहू डोमा, अरूण सोनवानी कुरमातराई, खोरबाहरा साहू सोरम, देवेन्द्र साहू बठेना, रितेश देवांगन शंकरदाह, हेमंत साहू आमदी आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *