पाली में एक युवक को मानवता दिखाकर दो युवकों को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। सुनसान रास्ते पर युवकों ने टॉयलेट करने के बहाने बाइक रुकवाई और युवक से मारपीट की। फिर युवक की बाइक, हेलमेट, सोने की अंगूठी, मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार पाली शहर के जर्दा बाजार के रहने वाले महेन्द्र पुत्र किशनलाल जीनगर ने गुड़ा एंदला थाने में रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि वह स्मार्ट मीटर लगाने का काम करता है और ठेके पर डिस्कॉम में लगा हुआ है। रिपोर्ट में बताया कि 9 जनवरी को वह सुबह पाली से साकदड़ा गेटवे रखने गया था। वापस लौटते समय कालेलाव में सड़क पर खड्डे के कारण वह बाइक से नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद मुकेश मीणा व जगदीश मीणा ने उसकी मदद कर उसे संभाला और पास के घर से पानी पिलाया। जिन्हें लिफ्ट दी उन्होंने ही लूटा
दोपहर करीब डेढ़ बजे कानेलाव से पाली की ओर रवाना हुआ। इसी दौरान वहां खड़े दो युवकों ने गुन्दोज तक छोड़ने की बात कही। मानवता के नाते महेन्द्र ने उन्हें बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में पूछने पर उन्होंने अपने नाम डूंगाराम व गजाराम निवासी गुडा एंदला बताए।
गुंदोज से करीब 2 KM पहले दोनों युवकों ने टॉयलेट करने के बहाने बाइक रुकवाई और अचानक महेन्द्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। सुनसान रास्ता होने के कारण उसकी चीख-पुकार सुनने वाला कोई नहीं था। आरोपियों ने उसके पास से मोबाइल निकाल लिया और फिर उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद वे उसकी बाइक, हेलमेट, सोने की अंगूठी और मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। पैदल चलकर मांगी मदद
घटना के बाद पीड़ित पैदल चलकर पास की एक ढाणी पहुंचा, जहां से उसने किसी का मोबाइल लेकर अपने भाई प्रकाश को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। तबीयत खराब होने के कारण पीड़ित अगले दिन ही थाने पहुंच सका। और घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


