भोपाल-बैतूल रूट पर चलने वाली सोनू ट्रेवल्स की बस में कंडक्टर और ड्राइवर द्वारा एक यात्री के साथ मारपीट कर उसे चलती बस से धक्का देने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 6 जनवरी की रात शाहपुर थाना क्षेत्र की है। बस से गिरने के कारण सुखतवा निवासी यात्री हरिओम सेन की पसली फ्रैक्चर हो गई और सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। रविवार शाम को शाहपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर बस (MP 11P 0412) के अज्ञात ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। नींद लगने से छूट गया स्टॉप, बहस होने पर दिया धक्का पीड़ित ने बताा कि 6 जनवरी की रात करीब 12 बजे हरिओम सेन नर्मदापुरम से घर जाने के लिए सोनू ट्रेवल्स की बस में सवार हुए थे। सफर के दौरान उन्हें नींद आ गई, जिससे वे अपने स्टॉप सुखतवा पर नहीं उतर पाए। शाहपुर पहुंचने पर जब उनकी नींद खुली, तो उन्होंने कंडक्टर से सवाल किया कि उन्हें सुखतवा में क्यों नहीं उठाया। इसी बात पर ड्राइवर और कंडक्टर से उनकी बहस हो गई और वे लोग गाली देने लगे। ग्राम निशाना के पास ड्राइवर ने बस को साइड में लिया और उसी दौरान कंडक्टर ने मारपीट करते हुए चलती बस से धक्का दे दिया। देखिए 2 तस्वीरें… 5 दिन अस्पताल में रहे भर्ती, डिस्चार्ज होते ही पहुंचे थाने बस से गिरने पर हरिओम बस की सीढ़ियों से होते हुए नीचे गिरे, जिससे उनके सिर, चेहरे, हाथ-पैर और घुटने में गंभीर चोटें आईं। उनकी पसली भी टूट गई है। घटना वाली रात उन्हें शाहपुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया था, जहां से उन्हें बैतूल रेफर किया गया। हालांकि, परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए इटारसी के एक निजी अस्पताल ले गए। रविवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद हरिओम सीधे थाने पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।


