लखनऊ में रात करीब 3 बजे चोरी करने कॉलोनी में घुसे 3 चोरों को लोगों ने पकड़ लिया। तीनों अपाचे बाइक से आए थे। बाइक सड़क पर खड़ी कर एक घर के बाहर रेकी कर ताला तोड़ने लगे। यह सब सामने वाले घर में लगे CCTV में रिकॉर्ड हो रहा था। उस घर का कोई रात में जागा तो उसने स्क्रीन पर सामने वाले घर के आगे खड़े कुछ लोगों को देखा। उसकी नींद पूरी तरह से टूट गई। शोर मचाने से पहले उसने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस भी अलर्ट हो गई। स्थानीय थाने से फोन आया और उस व्यक्ति से पूरी डिटेल ली गई। पुलिस वालों ने कहा कि आपको शोरगुल नहीं मचाना। पुलिस इस रास्ते से आएगी। आप लोग जस्ट अपोजिट साइड सड़क पर घेर लीजिए ताकि चोर भागने न पाएं। बस फिर क्या था, लोगों ने ऐसा ही किया और तीनों चोर वहीं पकड़े गए। घटना सरोजनी नगर थाना क्षेत्र की एलडीए कॉलोनी, सेक्टर-एफ की है। 10 जनवरी की रात 2:40 बजे के करीब चोर पहुंचे। बाइक खड़ी कर रेकी करने लगे। जब तक पुलिसवाले आते तब तक चोर वहां से निकल चुके थे। वे आगे गए ही होंगे कि सामने से पुलिस आती दिखी। वे तुरंत वापस लौटे लेकिन इधर कॉलोनी वाले इंतजार ही कर रहे थे। शोर मचाकर उनकी तरफ दौड़े तो चोरों की बाइक भी गिर गई और वे पकड़े गए। 3 तस्वीरें देखिए… पुलिस ने चोरों के नाम नहीं बताए पुलिस का कहना है कि पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। चोरों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद कॉलोनी में लोगों ने राहत की सांस ली। 2 तमंचे बरामद, ताला तोड़ रहे थे लोगों की सूचना के कुछ ही देर में सरोजनी नगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और कॉलोनीवासियों ने तीनों चोरों को पकड़ लिया। पुलिस अपनी जीप में बैठाकर थाने ले गई। तलाशी के दौरान उनके पास से दो तमंचे बरामद किए गए हैं। तीनों चोर घर का ताला तोड़ रहे थे। घर पर कोई नहीं था जिससे उसमें बाहर से ताला लटक रहा था। 3 में से 2 चोर हिस्ट्रीशीटर हैं सरोजनी नगर थाना पुलिस ने बयान जारी कर बताया है कि इन 3 चोरों में से 2 की हिस्ट्रीशीट है। 2 चोर लखनऊ के ही हैं। इनमें अभिषेक सिंह उर्फ प्रदीप सिंह पुत्र पप्पू सिंह मोतीझील कॉलोनी ऐशबाग का और अमन यादव उर्फ सत्यम पुत्र सुनील यादव राजाजीपुरम ई-ब्लॉक का रहने वाला है। अभिषेक पर लखनऊ के थानों में 8 और अमन पर 10 मुकदमे दर्ज हैं। तीसरा चोर शिवम यादव पुत्र अखिलेश यादव हरदोई के अंटुआ नूरपुर हथौड़ा थाना बिलग्राम का है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे (0.315 बोर), तीन कारतूस और चोरी की अपाचे बाइक जब्त की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सरोजनी नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ———————————- ऐसी ही दूसरी खबर पढ़िए… लखनऊ में इलेक्ट्रॉनिक दुकान में चोरी.. CCTV : 2 चोर शटर टेढ़ा कर अंदर घुसे, बाहर खड़े होकर 1 करता रहा निगरानी लखनऊ में दुबग्गा इलाके में भरावन कला स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान का शटर उठाकर चोरों ने लाखों रुपए का सामान चुरा ले गए। चोरी की घटना CCTV में कैद हुई है। इसमें तीन चोर शटर उठाते और दो चोर अंदर जाते दिख रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। (पूरी खबर पढ़िए)


