पाली जिले के सांडेराव थाना क्षेत्र में सोमवार अल सुबह करीब 5 बजे फोरलेन हाईवे 162 पर अम्बिका पेट्रोल पंप के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में बस में सवार एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस ड्राइवर जगदीश बेनीवाल एवं नर्सिंग स्टाफ देवाराम ने तत्परता दिखाते हुए बस का गेट तोड़कर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल यात्रियों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सांडेराव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार हादसे में भेरसी राम पुत्र गोपाराम देवासी (29 वर्ष) निवासी पाडपुरा, जिला जालोर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के शव को सांडेराव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया है। बताया जा रहा है कि निजी बस दिल्ली से जालोर जा रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ।पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इनपुट – नटवर मेवाड़ा, सांडेराव


