टीकमगढ़ में सूर्य नमस्कार करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री:बोले- योग भारत की प्राचीन परंपरा, प्रधानमंत्री ने विश्व पटल पर स्थापित किया

टीकमगढ़ में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने शहर के नजरबाग ग्राउंड में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ सूर्य नमस्कार और अन्य योग क्रियाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग तन और मन को स्वस्थ रखता है। उन्होंने बताया कि भारत में प्राचीन काल से योग की परंपरा चली आ रही है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पटल पर ले जाकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर स्थापित कराया है। जिला मुख्यालय के अलावा, जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी स्कूलों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। नजरबाग मैदान में हुए सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। कलेक्टर विवेक श्रोतिय, भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत सहित स्कूली बच्चों के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने सूर्य नमस्कार किया। इसके बाद योग की अन्य क्रियाएं भी कराई गईं। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि योग की प्राचीन परंपरा हमारे ऋषि-मुनियों की देन है। नियमित योग अभ्यास और सूर्य नमस्कार से हम स्वस्थ रह सकते हैं। उन्होंने ऋषि-मुनियों के दीर्घायु होने का सबसे बड़ा कारण नियमित दिनचर्या और योग अभ्यास बताया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हनुमत सिंह चौहान, विवेक चतुर्वेदी, अनुराग वर्मा, प्रमोद पटसारिया, सुरेश दौंदेरिया, सत्येंद्र गुर्जर सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *