श्योपुर जिले में खाद की किल्लत के कारण किसानों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है। सोमवार को खाद न मिलने से नाराज किसानों ने श्योपुर शहर में नेशनल हाईवे 552 पर चक्का जाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। किसानों ने बताया कि उन्हें 29 दिसंबर को टोकन दिए गए थे और सोमवार को खाद वितरण की सूचना मिली थी। इसी भरोसे पर बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही वितरण केंद्र पर पहुंच गए थे। घंटों इंतजार के बाद भी खाद न मिलने पर किसानों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो बाद में चक्का जाम में बदल गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नायब तहसीलदार टीएस लकड़ा, कोतवाली पुलिस से एसआई कमलेन्द्र कुशवाह और एएसआई ब्रजराज यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद थे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम हटा लिया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। बुधवार को आएगी रैक जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जिले में खाद की आपूर्ति में अस्थायी समस्या आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुधवार को खाद की एक रैक श्योपुर पहुंचेगी, जिसके बाद गुरुवार से किसानों को खाद का विधिवत वितरण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। हालांकि, किसानों का कहना है कि रबी सीजन के दौरान खाद की कमी से उनकी फसल प्रभावित हो रही है। उनका मानना है कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो उत्पादन पर नकारात्मक असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।


