स्वामी विवेकानंद जयंती पर स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन:रायपुर में टंकराम वर्मा बोले- उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का संदेश दिया

स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रायपुर में स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। यह दौड़ सुभाष स्टेडियम से स्वामी विवेकानंद सरोवर तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, स्वदेशी भावना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है। टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का संदेश दिया। शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह अच्छे और जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण का माध्यम बननी चाहिए। 2047 तक विकसित भारत की योजना मंत्री ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी देश की रीढ़ होती है। आज भारत अमृतकाल से गुजर रहा है और देश की बड़ी आबादी युवा है, जो गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को युवा शक्ति ही साकार करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में युवाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। इस मौके पर राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं से निडर और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। राजस्व मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और युवाओं को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *