बैरवा मुख्यमंत्री नहीं बन सकते, क्या पता सत्य-वचन हो जाए:पूर्व विधायक बोले- मैं भजनलाल जी को बहुत पहले से जानता हूं, वो सरपंच थे मैं MLA

दौसा से भाजपा के पूर्व विधायक नंदलाल बंशीवाल का बयान सुर्खियों में है। बैरवा समाज के कार्यक्रम के दौरान बंशीवाल ने कहा कि क्या डॉ. प्रेमचंद बैरवा मुख्यमंत्री नहीं बन सकते, क्या पता सत्य वचन हो जाए। इस पर डिप्टी सीएम ने रुकने का इशारा किया तो पूर्व विधायक बोले- भजनलाल शर्मा कुछ नहीं कहेंगे, मैं उन्हें बहुत पहले से जानता हूं। जब वे सरपंच थे तब मैं विधायक था। वे कमरे में आते थे तो कहता था कि पंडितजी यहां क्या करने आए हो। बात करने दो, अभी दूर जाकर बैठो। उन्होंने कहा कि मेरे पर किसी की दाब नहीं है, मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता। जब मैं विधानसभा में बोलता था तो तत्कालीन सीएम अशोक गहलोत को भी मेरी बात माननी पड़ती थी। आज तो बैरवा समाज के पक्ष-विपक्ष में कई विधायक हैं। प्रेमजी कोई बात आप नहीं बोल सकते तो डीसी बैरवा से बुलवा दिया करो। यह हमारा ही बच्चा है, आपके पक्ष में ही बोलेगा। ऐसा सुनकर मंच पर बैठे सभी लोग ठहाके लगाते दिखे। अपनी ताकत का उपयोग करें विधायक
पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा में पहली बार बैरवा समाज के व्यक्ति डॉ. प्रेमचंद बैरवा को डिप्टी सीएम का बडा पद मिला है। यही पद कांग्रेस के वक्त बनवारीलाल बैरवा को मिला था। यह हमारे समाज की शान है। उन्होंने कहा कि डीसी बैरवा को विधानसभा में अपनी ताकत का उपयोग करना वाहिए। वह सबसे बडी पंचायत है। वहां बड़े से बड़े काम होते हैं। पूर्व सीएम गहलोत का वाकया सुनाया
पूर्व विधायक ने कहा कि एक बार मैंने अशोक गहलोत के खिलाफ प्रश्न लगा दिया तो उन्होंने मुझे बुलाने का आदेश दिया। मैं गया तो उन्होंने पूछा तुमने मेरे खिलाफ प्रश्न लगाया है, मैंने हां कह दिया। गहलोत बोले- क्या पूछोगे, यहीं बता दो। मैंने नहीं बताया तो बोले कि क्या चाहते हो मेरे से, डिमांड करो। माइंस ले लो, पेट्रोल पंप ले लो, लेकिन मैंने समाज के छात्रावास के लिए जमीन मांगी तब जाकर यह आवंटन हुआ। टाइगर बाबा के नारे लगाए
बंशीवाल ने कहा कि अभी डिप्टी सीएम से कोई बात हो रही तो मुझे लगा नाराज हो गए तो गिरफ्तार करा देंगे, मैं तो अब विधायक भी नहीं हूं सिर्फ आम आदमी हूं। इसलिए डरते-डरते बोल रहा हूं। इस दौरान भीड़ के बीच टाइगर जिंदा है का नारा भी खूब चर्चित रहा। लोगों ने पूर्व विधायक नंदलाल बंशीवाल को टाइगर बाबा की नई संज्ञा दी। कार्यक्रम के मंच पर सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल और दौसा विधायक डीसी बैरवा भी मौजूद रहे। पंस सदस्य बोले- प्रशासन में नहीं हो रही सुनवाई
पूर्व विधायक के पुत्र पंचायत समिति सदस्य रोहित बंशीवाल ने कहा कि प्रशासन में लोगों की सुनवाई नहीं हो रही। ऐसे में जिला मुख्यालय पर समय-समय पर जनता दरबार लगाया जाए, जिसमें प्रभारी मंत्री या अन्य कोई मंत्री जनता की सुनवाई करे। उन्होंने कहा कि बैरवा छात्रावास के पास स्थित गोसदन की भूमि पर खेती की जा रही है, जबकि यह भूमि दान में दी हुई है। गोसदन संचालकों द्वारा स्वयं के फायदे के लिए गोवंश के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, गोवंश मर रहा है। जबकि गोसेवा तो हमारी पार्टी का एजेंडा भी है। रोहित ने कहा कि समाज के एक व्यक्ति से भूमि का नामांकरण खोलने के लिए इतने रुपयों की डिमांड की जा रही है जितनी की तो वह भूमि भी नहीं है। कहीं सुनवाई नहीं हो रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *